जिला विधिक सेवा प्राधिकार, गोपालगंज के तत्वाधान में शनिवार 30 नवंबर 2025 को हथुआ प्रखंड के सेमराव पंचायत भवन परिसर में विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य नालसा (नशा पीड़ितों को विधिक सेवाएं एवं नशा उन्मूलन हेतु विधिक सेवाएं) योजना 2015 तथा नालसा (जागृति – जस्टिस अवेयरनेस फॉर ग्रासरूट इनफार्मेशन एंड ट्रांसपेरेंसी इनिशिएटिव) स्कीम 2025 की जानकारी आम जन तक पहुँचाना था।
कार्यक्रम में पैनल अधिवक्ता संजीव एवं पीएलवी रोहित कुमार की टीम द्वारा ग्रामीणों, युवाओं, महिलाओं सहित उपस्थित लोगों को नशा के दुष्परिणाम, ड्रग सेवन के स्वास्थ्य पर प्रभाव, नशीले पदार्थों की रोकथाम, ड्रग तस्करी और बिहार उत्पाद अधिनियम संबंधी जानकारी दी गई। वक्ताओं ने बताया कि युवा पीढ़ी तेजी से नशा की ओर आकर्षित हो रही है, इसलिए अभिभावकों को बच्चों के व्यवहार, संगति और दिनचर्या पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है।
वहीं नालसा जागृति स्कीम 2025 के अंतर्गत बताया गया कि इस योजना का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण व वंचित वर्गों तक मुफ्त कानूनी सहायता उपलब्ध कराना है। इसके तहत पंचायत स्तर पर जागरूकता केंद्र स्थापित किए जाते हैं, जिससे सामान्य जनता अपने कानूनी अधिकारों को समझ सके और बिना भय के न्याय प्राप्त कर सके। महिलाओं, मजदूरों, बुजुर्गों एवं बच्चों सहित सभी वर्गों के लिए कानूनी सहायता एक फोन कॉल पर उपलब्ध है।
कार्यक्रम के दौरान लोगों में नालसा की विभिन्न योजनाओं से संबंधित हैंडबिल भी वितरित किए गए। कार्यक्रम में स्थानीय सरपंच, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
