देवरिया। जिले और उत्तर प्रदेश के लिए गौरव का क्षण है। जिलाधिकारी दिव्या मित्तल को केंद्र सरकार के विकसित भारत परिकल्पना स्ट्रेटजी रूम के माध्यम से ब्लॉक, जिला, प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर पर किए जाने वाले कार्यों की रूपरेखा तैयार करने हेतु मनोनीत किया गया है। वे 4 सितंबर 2025 को नई दिल्ली स्थित नीति आयोग में होने वाली इस महत्वपूर्ण बैठक में प्रतिभाग कर अपने अनुभव साझा करेंगी।
गौरतलब है कि दिसंबर 2024 में भी दिव्या मित्तल को प्रदेश से चुना गया था, जब उन्होंने चौथे राष्ट्रीय मुख्य सचिव सम्मेलन में हिस्सा लिया था।
इस सम्मेलन में विकसित राष्ट्र की परिकल्पना, प्रशासनिक नवाचार, डिजिटल परिवर्तन, सतत विकास और सामाजिक कल्याण जैसे मुद्दों पर गहन चर्चा होगी। दिव्या मित्तल का चयन उनकी प्रशासनिक दक्षता और सेवा समर्पण का प्रमाण है।
आईआईटी दिल्ली और आईआईएम बेंगलुरु से शिक्षा प्राप्त कर आईएएस बनीं दिव्या मित्तल ने महिलाओं के सशक्तिकरण, शिक्षा सुधार, पेयजल सुविधा और स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में उल्लेखनीय पहल की है। वे न सिर्फ एक दक्ष प्रशासनिक अधिकारी हैं बल्कि युवाओं के लिए प्रेरणास्त्रोत भी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *