गोपालगंज, 3 सितंबर 2025।
जिला समाहरणालय सभा कक्ष में मंगलवार को जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता माननीय सांसद श्री आलोक कुमार सुमन ने की।

बैठक की शुरुआत जिला पदाधिकारी श्री पवन कुमार सिन्हा द्वारा माननीय सांसद का पुष्पगुच्छ भेंटकर स्वागत से हुई। इसके बाद विकास कार्यों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर गहन चर्चा हुई।

इस दौरान शहर की रेल एवं सड़क परिवहन व्यवस्था, नदी-नाले का संरक्षण, जल निकासी की व्यवस्था, स्वच्छता अभियान और नागरिक सुविधाओं पर विशेष विमर्श किया गया।

माननीय सांसद श्री आलोक कुमार सुमन ने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिया कि विकास कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि सभी योजनाओं की प्रगति तय समयसीमा में सुनिश्चित होनी चाहिए और जनता की सुविधा सर्वोपरि है।

बैठक में माननीय विधान पार्षद श्री राजीव कुमार, विधायक बरौली श्री राम प्रवेश राय, जिला परिषद अध्यक्ष श्री सुभाष सिंह, जिला पदाधिकारी श्री पवन कुमार सिन्हा, उप विकास आयुक्त श्री कुमार निशांत विवेक सहित जिला स्तरीय पदाधिकारी एवं तकनीकी पदाधिकारी मौजूद रहे। सभी अधिकारियों को लंबित योजनाओं की अद्यतन प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया।

सांसद श्री सुमन ने कहा कि गोपालगंज जिले का विकास केंद्र और राज्य सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने आम जनता से भी अपील की कि वे विकास कार्यों में प्रशासन का सहयोग करें और अपनी सक्रिय भूमिका निभाएँ।

अंत में अपर समाहर्ता श्री राजेश्वरी पाण्डेय ने सभी जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों का धन्यवाद ज्ञापित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *