देवरिया मेडिकल कॉलेज में इंटरनेट की समस्या से मरीज और कर्मचारी परेशान
देवरिया, 5 सितंबर 2025।
देवरिया मेडिकल कॉलेज में इंटरनेट की समस्या लगातार बनी हुई है, जिससे मरीजों और कर्मचारियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। शुक्रवार को सुबह से लेकर दोपहर बाद करीब 2 बजे तक इंटरनेट रुक-रुक कर चलता रहा। इसके कारण रजिस्ट्रेशन और बिलिंग कार्य प्रभावित हुए।
करीब आधे घंटे तक इंटरनेट पूरी तरह ठप रहने से बिलिंग काउंटरों पर लंबी लाइन लग गई और मरीजों व तीमारदारों ने हंगामा करना शुरू कर दिया। हालांकि कर्मचारियों ने उन्हें समझा-बुझाकर शांत कराया। इंटरनेट ठीक होने के बाद काम तेजी से शुरू किया गया।
बताया जा रहा है कि मेडिकल कॉलेज में लगभग 20 दिनों से हर रोज सुबह इंटरनेट की दिक्कत बनी रहती है। गुरुवार को दिनभर नेटवर्क सुचारू रहने पर कर्मचारियों को उम्मीद थी कि समस्या खत्म हो गई है, लेकिन शुक्रवार को फिर दिक्कत लौट आई। सुबह से हर 15-15 मिनट पर सर्वर बंद होता रहा, जिससे कर्मचारियों को मोबाइल हॉटस्पॉट से किसी तरह काम चलाना पड़ा।
इंटरनेट ठप होने से रजिस्ट्रेशन और बिलिंग का कार्य रुक जाने पर मरीजों व तीमारदारों को सबसे अधिक परेशानी झेलनी पड़ी। मेडिकल कॉलेज में शहर के अलावा ग्रामीण इलाकों और बिहार की सीमा से भी बड़ी संख्या में मरीज इलाज कराने पहुंचे थे।
