पालगंज। महिला एवं बाल विकास निगम, बिहार, पटना के निर्देशानुसार तथा जिला पदाधिकारी के निर्देशन में जिला हब फॉर एंपावरमेंट ऑफ़ वीमेन (DHEW) द्वारा गोपालगंज में लैंगिक समानता और न्याय को लेकर दस दिवसीय विशेष जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। यह अभियान 2 से 12 सितंबर तक चलेगा।

इसी कड़ी में मंगलवार को उच्च माध्यमिक विद्यालय, आदमपुर, मांझा में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में जनजागरूकता के माध्यम से जन आंदोलन खड़ा करना है, ताकि एक सुरक्षित और समावेशी समाज का निर्माण किया जा सके।

कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं को महिला कल्याण से जुड़े कानूनों और योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। इसमें बाल विवाह निषेध, पॉक्सो एक्ट, कार्यस्थल पर यौन उत्पीड़न निवारण कानून (POSH Act), भ्रूण लिंग परीक्षण प्रतिषेध अधिनियम (PC & PNDT Act), महिला हेल्पलाइन 181, शक्ति सदन, सखी निवास, सामाजिक पुनर्वास कोष और सिविल सेवा प्रोत्साहन योजना जैसी योजनाओं पर चर्चा की गई।

जिला परियोजना प्रबंधक कुणाल कुमार सिंह ने बताया कि भारत सरकार की मिशन शक्ति योजना महिलाओं को सुरक्षा और अधिकार दिलाने का बड़ा प्रयास है। इसके तहत “बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ”, वन स्टॉप सेंटर, शक्ति निवास और महिला हेल्पलाइन जैसी योजनाएं संचालित की जा रही हैं। उन्होंने छात्रों को लैंगिक भेदभाव, लिंग आधारित हिंसा, यौन उत्पीड़न और बाल विवाह जैसे गंभीर मुद्दों पर जागरूक करते हुए शिक्षा के महत्व पर बल दिया और उज्ज्वल भविष्य की ओर प्रेरित किया।

इस मौके पर डीपीएम सुबोध कांत सिंह, केंद्र प्रशासक नाजिया मुमताज, लैंगिक विशेषज्ञ मुन्ना कुमार शर्मा, वित्तीय साक्षरता विशेषज्ञ ओम प्रकाश ठाकुर, अतुल कुमार, केस वर्कर अनिल ठाकुर सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग दिया।

अभियान का मुख्य उद्देश्य लैंगिक समानता, महिला सुरक्षा, शिक्षा और सशक्तिकरण के प्रति जन-जन को जागरूक करना है, ताकि महिलाओं को अधिकार, सम्मान और सुरक्षा मिल सके तथा आने वाली पीढ़ी न्यायपूर्ण और समानतापूर्ण समाज में आगे बढ़ सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *