देवरिया। जिले में शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के उद्देश्य से शुक्रवार 12 सितंबर 2025 को प्रातः 5 से 8 बजे तक पुलिस अधीक्षक विक्रांत वीर के निर्देशन में “मॉर्निंग वॉकर चेकिंग अभियान” चलाया गया।
इस अभियान का मकसद आमजन से सीधा संवाद स्थापित कर उनमें विश्वास और सुरक्षा की भावना जगाना, छोटे विवादों को सामुदायिक स्तर पर सुलझाना और मित्र पुलिसिंग को बढ़ावा देना रहा। चेकिंग के दौरान संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच, चोरी की गाड़ियों की बरामदगी, तीन सवारी व नाबालिग वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई, मॉडिफाइड साइलेंसर और तेज आवाज वाले लाउडस्पीकर पर रोक, साथ ही अवैध असलहा व मादक पदार्थों की जांच की गई।
जनसामान्य ने पुलिस की इस पहल की सराहना की और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर संतोष व्यक्त किया। पुलिस ने आश्वस्त किया कि इस तरह के अभियान आगे भी जारी रहेंगे।

