देवरिया। शुक्रवार, 12 सितंबर 2025 को जनपद के रुद्रपुर थाना क्षेत्र में एक बड़ा हादसा टल गया। जानकारी के अनुसार, अर्चिता विश्वकर्मा (उम्र 18 वर्ष), पुत्री अखिलेश विश्वकर्मा और इंटरमीडिएट की छात्रा, नाले में छलांग लगाकर जान देने का प्रयास किया।
अर्चिता श्रीराम प्रकाश मल्ल इंटरमीडिएट कॉलेज, रामनगर रामलक्षन में पढ़ाई करती है। घटना के समय वह साइकिल से घर लौट रही थी और उसका भाई बाइक से पीछे आ रहा था। जैसे ही वह करिहवा स्थित मझना नाला पुल पर पहुंची, उसने बैग समेत साइकिल खड़ी की और नाले में कूद गई। उसके भाई के शोर मचाने पर आसपास के लोग और पुलिस मौके पर पहुंची।
स्थानीय निवासी चंद्रभूषण निषाद पुत्र रामाज्ञा निषाद ने बिना जान की परवाह किए नाले में कूदकर छात्रा की जान बचाई। छात्रा को तत्काल प्राथमिक उपचार के बाद घर भेजा गया। बाद में पुलिस चौकी पर परिजनों की मौजूदगी में उसकी काउंसलिंग की गई। उसने बताया कि वह मानसिक रूप से परेशान थी, लेकिन आगे से ऐसा नहीं करेगी।
छात्रा की जान बचाने वाले चंद्रभूषण निषाद के इस साहसिक कार्य की सराहना करते हुए चौकी प्रभारी रामलक्षन अविनाश मौर्य ने उन्हें सम्मानित किया।

