देवरिया। शहर के एसएस मॉल के मालिक एक बार फिर सुर्खियों में आ गए हैं। हाल ही में युवती से धर्मांतरण के लिए दबाव बनाने का मामला ठंडा भी नहीं पड़ा था कि अब सदर विधायक शलभ मणि त्रिपाठी ने फेसबुक पोस्ट कर नया आरोप लगाया है।
विधायक ने दावा किया है कि एसएस मॉल मालिक के झांसे में आकर मॉल में काम करने वाले एक दंपती ने मुस्लिम धर्म स्वीकार कर लिया। इस मामले को लेकर विधायक ने आधार कार्ड, शपथपत्र और दंपती की तस्वीरें भी सोशल मीडिया पर साझा की हैं। फिलहाल पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, रामपुर कारखाना थाना क्षेत्र के एक गांव का रहने वाला व्यक्ति पहले ईजी मार्ट में नौकरी करता था। गांव वालों के अनुसार, वर्ष 2019 में वह अपनी पत्नी के साथ लखनऊ गया, जहां एसएस मॉल मालिक उस्मान गनी से उसका संपर्क हुआ।
आरोप है कि मॉल मालिक ने दंपती की आर्थिक कमजोरी का फायदा उठाते हुए उसे मैनेजर पद का लालच दिया और ब्रेनवॉश कर धर्मांतरण करा दिया। विधायक ने फेसबुक पर लिखा कि गरीब हिंदू दंपती को बहकाकर धर्म परिवर्तन कराया गया था। हालांकि, बाद में उन्हें अपने धर्म में वापसी कराई गई।

