रुद्रपुर। क्षेत्र के नौ युवकों से मर्चेंट नेवी में नौकरी दिलाने के नाम पर 20 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। आरोप है कि गोरखपुर जिले के चौरीचौरा थाना क्षेत्र के सुकई जोधपुर गांव निवासी विष्णु राजभर ने युवकों को विदेश भेजने का झांसा देकर रकम वसूली और विरोध करने पर फर्जी चेक थमा दिया। पीड़ितों का कहना है कि रुपये मांगने पर आरोपित ने जान से मारने की धमकी भी दी।

लक्ष्मीपुर निवासी राजू अली की तहरीर पर पुलिस ने केस दर्ज किया है। राजू का आरोप है कि मुंबई में मुलाकात के दौरान विष्णु ने खुद को एजेंट बताया और नौकरी का भरोसा दिलाया। इसके बाद उसने राजू समेत आठ युवकों से संपर्क किया। पीड़ितों में अभिषेक, दिलीप निषाद, रोहित शुक्ला, धर्मेंद्र यादव, नागेंद्र यादव, करन गुप्ता और अजीत यादव शामिल हैं।

सभी ने मिलकर करीब 20 लाख रुपये एजेंट के खाते में भेजे। बाद में पंचायत हुई तो आरोपित ने आठ लाख रुपये का फर्जी चेक दिया। विरोध करने पर 31 अगस्त को जान से मारने की धमकी भी दी।

पुलिस ने विष्णु राजभर के खिलाफ धोखाधड़ी और धमकी की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। सीओ हरिराम यादव ने बताया कि मामले की जांच तेजी से की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *