गोपालगंज।
जिले के भोरे विधानसभा क्षेत्र स्थित बीपीएस कॉलेज मैदान में रविवार को एनडीए की ओर से विशाल कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित हुआ। कार्यक्रम में मद्य निषेध मंत्री रत्नेश सदा, शिक्षा मंत्री सुनील कुमार, जेडीयू के राष्ट्रीय महासचिव मनीष वर्मा समेत कई सांसद और विधायकों ने हिस्सा लिया।

सम्मेलन को संबोधित करते हुए शिक्षा मंत्री सुनील कुमार ने कहा कि पूरे बिहार में एनडीए की लहर है और जनता मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व पर भरोसा जता रही है। उन्होंने दावा किया कि आगामी चुनाव में एक बार फिर एनडीए की सरकार बनेगी।

मंत्री ने छात्रों के लिए बड़ी राहत का ऐलान किया। उन्होंने बताया कि स्टूडेंट्स क्रेडिट कार्ड योजना के तहत अब शिक्षा ऋण पूरी तरह ब्याज मुक्त होगा। साथ ही ऋण चुकाने की अवधि भी बढ़ा दी गई है। उन्होंने इसे ऐतिहासिक कदम बताते हुए कहा कि इससे लाखों छात्रों को उच्च शिक्षा हासिल करने में मदद मिलेगी।

वहीं, जेडीयू के राष्ट्रीय महासचिव मनीष वर्मा ने नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पर तंज कसते हुए कहा कि राहुल गांधी के साथ यात्रा में वे पीछे की सीट पर छोटे भाई की तरह बैठे थे। अब अपनी अलग यात्रा निकाल रहे हैं, लेकिन आगामी विधानसभा चुनाव में तेजस्वी हाशिए पर चले जाएंगे।

पूर्व मंत्री रामसूरत राय ने दावा किया कि एनडीए को इस बार 225 से अधिक सीटें मिलेंगी। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों के कारण मुस्लिम और यादव वर्ग के वोटर भी एनडीए के पक्ष में आ रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *