देवरिया।
जिलाधिकारी श्रीमती दिव्या मित्तल के निर्देशन में तहसील सदर क्षेत्र के नगर पंचायत रामपुर कारखाना, ग्राम पंचायत गौरा, नगर पंचायत बरारी व ग्राम पंचायत सिरजम में मंगलवार को “न्यायालय आपके द्वार” योजना के तहत ग्राम न्यायालय एवं चौपाल का आयोजन किया गया।
चौपाल की अध्यक्षता स्वयं जिलाधिकारी ने की, जबकि पुलिस अधीक्षक विक्रांत वीर ने ग्रामीणों को पुलिस सेवाओं और शिकायत निस्तारण की जानकारी दी। कार्यक्रम की शुरुआत स्कूली बच्चों की सांस्कृतिक प्रस्तुति और सरस्वती वंदना से हुई। मौके पर गोदभराई व अन्नप्राशन संस्कार भी संपन्न कराए गए।
चौपाल में विभिन्न विभागों की योजनाओं से जुड़े स्टॉल लगाए गए। जिलाधिकारी ने उनका निरीक्षण किया और पात्र लाभार्थियों को प्रमाणपत्र व सहायता राशि वितरित की। इस दौरान 517 अविवादित नामांतरण और 53 विवादित नामांतरण मामलों का निस्तारण किया गया।
इसके अलावा अविवादित वरासत के 16 प्रकरणों का समाधान हुआ।
-
मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना: 7 लाभार्थी
-
शादी अनुदान योजना: 3 लाभार्थी
-
पारिवारिक लाभ योजना: 2 लाभार्थी
-
आजीविका मिशन: 4 लाभार्थी
-
मुख्यमंत्री आवास योजना: 3 लाभार्थी
-
किसान सम्मान निधि: 4 लाभार्थी
-
वृद्धावस्था पेंशन: 23 लाभार्थी
-
विधवा पेंशन: 9 लाभार्थी
-
आयुष्मान कार्ड: 6 लाभार्थी
सहित अन्य योजनाओं के तहत भी लाभ वितरित किए गए।
जिलाधिकारी ने कहा कि इस योजना का उद्देश्य न्याय और सरकारी सेवाओं को सीधे गांव तक पहुंचाना है, जिससे लोगों को शीघ्र और सुलभ न्याय मिल सके। उन्होंने आश्वासन दिया कि यह प्रयास आगे भी सतत रूप से जारी रहेगा।
कार्यक्रम में एडीएम सदर श्रुति शर्मा, तहसीलदार कृष्ण कुमार मिश्र, नायब तहसीलदार शिवेंद्र कुमार कौण्डिल्य समेत कई अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।
