गोपालगंज। दशहरा पर्व 2025 के अवसर पर जिले में विधि-व्यवस्था बनाए रखने और पूजा-अर्चना व विसर्जन कार्य को सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए शांति समिति की अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता माननीय विधान पार्षद राजीव कुमार एवं जिला पदाधिकारी पवन कुमार सिन्हा ने की।

बैठक में अपर समाहर्ता (राजस्व), अपर समाहर्ता (आपदा), अनुमंडल पदाधिकारी गोपालगंज, पुलिस प्रशासन के वरीय अधिकारी, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी, विशेष कार्य पदाधिकारी सहित संबंधित अधिकारी और जिले के सभी शांति समिति सदस्य उपस्थित रहे।

जिला पदाधिकारी ने विभागीय निर्देशानुसार सभी पूजा पंडालों का निरीक्षण सुनिश्चित कराने और अनुमंडल एवं प्रखंड स्तर पर पूजा समिति के साथ समन्वय बैठक आयोजित करने का निर्देश दिया। प्रत्येक पूजा समिति के लिए लाइसेंस अनिवार्य किया जाएगा और बिना लाइसेंस के आयोजन पर प्रतिबंध रहेगा।

सुरक्षा व्यवस्था के तहत सभी पंडालों पर दंडाधिकारी और पुलिस बल की तैनाती होगी। पंडालों में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे और पूजा समिति के सभी सदस्यों के पहचान पत्र एवं मोबाइल नंबर प्रशासन को उपलब्ध कराए जाएंगे।

विसर्जन के समय सभी घाटों पर साफ-सफाई, बैरिकेडिंग और प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। संवेदनशील घाटों को चिह्नित कर वहां विशेष सुरक्षा बलों की तैनाती का आदेश दिया गया है। साथ ही विसर्जन के दौरान सीसीटीवी कैमरा और वीडियोग्राफी अनिवार्य रूप से की जाएगी।

भीड़ प्रबंधन और यातायात नियंत्रण के लिए कंट्रोल रूम सक्रिय रहेगा। पुलिस-प्रशासन को नियमित गश्ती करने और अफवाहों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया गया।

प्रशासन ने शांति समिति के सदस्यों से अपील की है कि वे आपसी सहयोग और समन्वय से दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *