देवरिया। मेहरौना गांव में खेलकूद के दौरान घायल हुए नौवीं कक्षा के छात्र की मौत हो गई, जिससे परिवार में कोहराम मच गया। मृतक की पहचान विजेंद्र कुशवाहा के पुत्र देवेंद्र कुशवाहा (15) के रूप में हुई है। घटना शुक्रवार की है, जब रामपुर स्थित उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में खेल के दौरान देवेंद्र के सिर में गंभीर चोट लग गई थी।

छात्र के पिता ने सोमवार को विद्यालय प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए पुलिस से शिकायत की है। उनका कहना है कि बच्चों द्वारा सूचना देने के बावजूद विद्यालय प्रशासन ने कोई त्वरित कदम नहीं उठाया। घायल देवेंद्र को परिजन अस्पताल ले जा रहे थे, तभी रास्ते में उसकी मौत हो गई।

थानाध्यक्ष त्रिवेंद्र कुमार मौर्या ने बताया कि फिलहाल तहरीर की जानकारी नहीं मिली है। वहीं प्रधानाचार्य विपिन यादव ने कहा कि छात्र को तुरंत घर भेज दिया गया था। इस घटना के बाद गांव में शोक की लहर है और परिजन न्याय की मांग कर रहे हैं।