देवरिया। उत्तर प्रदेश शासन द्वारा महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के लिए चलाए जा रहे मिशन शक्ति अभियान फेज 5.0 के तहत, पुलिस अधीक्षक श्री संजीव सुमन के निर्देशन में जनपद देवरिया में विशेष पहल “बहू-बेटी अभियान” की शुरुआत की गई है।

इस अभियान का उद्देश्य परित्यक्ता, तलाकशुदा, निराश्रित तथा दहेज उत्पीड़न की शिकार महिलाओं और बालिकाओं के उत्थान, आत्मनिर्भरता और सशक्तिकरण को बढ़ावा देना है।

अभियान के तहत जनपद के सभी थानों की मिशन शक्ति टीमों द्वारा गांवों और कस्बों में चौपालें आयोजित की जा रही हैं, जिनमें महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों, सरकारी योजनाओं, आत्मनिर्भरता और सुरक्षा संबंधी जानकारी दी जा रही है।

थाना बघौचघाट की टीम ने ग्राम पकहां में, थाना एकौना की टीम ने ग्राम नरायनपुर में, थाना सलेमपुर की टीम ने ग्राम टैरिया में, थाना भाटपाररानी की टीम ने ग्राम चनकी में और थाना भटनी की टीम ने ग्राम चौरिया में चौपाल लगाकर “बहू-बेटी अभियान” संचालित किया। इसी क्रम में अन्य थानों द्वारा भी अपने क्षेत्रों में जागरूकता सम्मेलन और संवाद कार्यक्रम आयोजित किए गए।

महिला पुलिस कर्मियों ने चौपालों में संवेदनशील मुद्दों पर खुलकर बातचीत की, जिससे पीड़ित महिलाएं अपने अनुभव साझा कर सकें और आवश्यक सहायता प्राप्त कर सकें। उन्हें कानूनी अधिकारों और सरकारी सहायता योजनाओं की जानकारी भी दी गई।

इसके साथ ही, मिशन शक्ति टीमों द्वारा सामाजिक गरिमा, शिक्षा और पोषण से वंचित बालिकाओं को विभिन्न सरकारी विभागों से जोड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि उन्हें शिक्षित, सुरक्षित और आत्मनिर्भर बनाया जा सके।

देवरिया पुलिस का “बहू-बेटी अभियान” महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और सशक्तिकरण की दिशा में एक प्रेरणादायक कदम माना जा रहा है।