गोपालगंज। जिला विधिक सेवा प्राधिकार के तत्वावधान में रविवार को उचकागांव प्रखंड के नवादा परसौनी पंचायत भवन परिसर में विधिक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नालसा (मानसिक बीमार और बौद्धिक अक्षमता व्यक्ति) योजना 2024, मतदाता सूची से विलोपित नाम वाले व्यक्तियों को निःशुल्क विधिक सहायता, और कार्यस्थल पर महिलाओं के यौन उत्पीड़न (रोकथाम, निषेध और निवारण) अधिनियम 2013 जैसे विषयों पर विस्तृत जानकारी दी गई।
कार्यक्रम का संचालन जिला विधिक सेवा प्राधिकार गोपालगंज के पैनल अधिवक्ता उदय नारायण पांडेय एवं पीएलवी आबिद हुसैन की टीम ने किया। उन्होंने उपस्थित लोगों को मानसिक बीमारी और बौद्धिक अक्षमता के लक्षण, ऐसे व्यक्तियों की देखभाल के तरीके, उनके इलाज हेतु सदर अस्पताल में उपलब्ध अलग वार्ड, और विधिक सहायता से संबंधित अधिकारों के बारे में बताया।
साथ ही प्रतिभागियों को यह भी बताया गया कि जिन व्यक्तियों का नाम मतदाता सूची से विलोपित हो गया है, उन्हें जिला विधिक सेवा प्राधिकार कार्यालय से निःशुल्क विधिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। लोगों से आग्रह किया गया कि वे अपने आसपास के लोगों को भी इन योजनाओं के बारे में जागरूक करें।
महिलाओं को कार्यस्थल पर यौन उत्पीड़न से जुड़े कानूनी अधिकारों और 2013 के अधिनियम के तहत बने कमिटी में शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया की जानकारी दी गई। टीम ने बताया कि पात्र व्यक्तियों को जिला विधिक सेवा प्राधिकार के माध्यम से मुफ्त अधिवक्ता भी उपलब्ध कराए जाते हैं।
कार्यक्रम के अंत में पीएलवी आबिद हुसैन द्वारा विभिन्न सरकारी योजनाओं और कानूनी सहायता से संबंधित हैंडबिल वितरित किए गए। कार्यक्रम में पंचायत प्रतिनिधियों के साथ बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
