देवरिया: पुलिस अधीक्षक श्री संजीव सुमन के निर्देशन में जनपद में शांति, सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से आज दिनांक 21 अक्टूबर 2025 को प्रातः 5 बजे से 8 बजे तक “मार्निंग वॉकर चेकिंग अभियान” चलाया गया।
इस अभियान का मुख्य उद्देश्य सामुदायिक सहभागिता के माध्यम से आमजन से संवाद स्थापित करना, उनमें विश्वास व सुरक्षा की भावना को और अधिक मजबूत करना तथा मित्र पुलिसिंग की भावना को बढ़ावा देना रहा।
पुलिस अधिकारियों ने मॉर्निंग वॉकरों से मुलाकात कर उन्हें अभियान के उद्देश्य से अवगत कराया और छोटे-मोटे विवादों को सामुदायिक स्तर पर सुलझाने की अपील की।
चेकिंग के दौरान पुलिस ने संदिग्ध व्यक्तियों, वाहनों और विधिविरुद्ध गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी।
इस दौरान चोरी की गाड़ियां पकड़ने, तीन सवारी पर कार्रवाई, मोडिफाइड साइलेंसर वाले दुपहिया वाहनों का चालान, नाबालिग चालकों पर कार्रवाई, तथा अवैध असलहा और मादक पदार्थों की तलाशी की गई।
जनपदीय पुलिस द्वारा पूरे जनपद में कुल 26 स्थानों पर चेकिंग अभियान चलाया गया, जिसमें 511 व्यक्तियों और 309 वाहनों की जांच की गई।
जनसामान्य ने इस अभियान की खुले दिल से सराहना की और मॉर्निंग वॉक के दौरान बढ़ी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर संतोष व्यक्त किया।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि ऐसे अभियान निरंतर जारी रहेंगे, ताकि आमजन में पुलिस के प्रति विश्वास, सुरक्षा और सहयोग की भावना और अधिक मजबूत हो सके।

