गोपालगंज – बिहार विधानसभा चुनाव प्रचार के पहले दिन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भोरे और बरौली विधानसभा क्षेत्रों में ताबड़तोड़ जनसभाएं कीं। खुरहुरिया हाई स्कूल मैदान और मांझा हाई स्कूल मैदान में आयोजित सभाओं में मुख्यमंत्री का एनडीए नेताओं ने जोरदार स्वागत किया।
नीतीश कुमार ने अपने कार्यकाल की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि 2005 से पहले बिहार में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और कानून व्यवस्था की स्थिति बदहाल थी, लेकिन अब हर गांव तक सड़क पहुंच चुकी है, हर घर में बिजली है, और शिक्षा व स्वास्थ्य सेवाएं बेहतर हुई हैं। उन्होंने कहा कि अब तक 15 से अधिक जिलों में मेडिकल और इंजीनियरिंग कॉलेज बन चुके हैं, जबकि 27 जिलों में निर्माण कार्य जारी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में 10 लाख युवाओं को नौकरी दी गई है और आगे 1 करोड़ रोजगार सृजन का लक्ष्य है। उन्होंने जनता से एनडीए सरकार को दोबारा मौका देने की अपील करते हुए कहा कि “हमने काम किया है, वादे पूरे किए हैं।”
सभा के दौरान उन्होंने राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव और राबड़ी देवी पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि उनके 15 साल के शासन में बिहार 50 साल पीछे चला गया था। मंच पर जदयू नेता संजय झा, भाजपा अध्यक्ष दिलीप जायसवाल, सांसद आलोक कुमार सुमन, एमएलसी राजीव कुमार राय समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

