गोपालगंज – विधानसभा चुनाव को लेकर जिले में मतदाता जागरूकता की मुहिम तेज हो गई है। इसी क्रम में स्वीप कोषांग के तहत बैकुंठपुर में जीविका दीदियों द्वारा एक अनोखा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में रंगोली, दीपोत्सव और रैली के माध्यम से लोगों को मतदान के प्रति जागरूक किया गया।
“जीविका दीदियों ने ठाना है, इस बार गोपालगंज में वोट प्रतिशत बढ़ाना है” – इस नारे से पूरा बैकुंठपुर गूंज उठा। कार्यक्रम की शुरुआत जीविका कार्यालय के बाहर रंगोली बनाकर की गई। इसके बाद जीविका दीदियों, परियोजना कर्मियों और कैडर सदस्यों ने सामूहिक रूप से मतदाता शपथ ली और यह संकल्प लिया कि वे स्वयं मतदान करेंगी तथा दूसरों को भी मतदान के लिए प्रेरित करेंगी।
शपथ के बाद जीविका दीदियों ने मतदाता जागरूकता रैली निकाली जो प्रखंड कार्यालय मोड़ तक पहुंची। रास्ते में उन्होंने “पहले मतदान, फिर जलपान”, “6 नवंबर को बूथ पर जाएं, पहले वोटिंग कर आएं” जैसे नारों से जनता को मतदान के महत्व का संदेश दिया।
रैली के अंत में दीदियों ने कैंडल जलाकर यह संदेश दिया कि मतदान केवल अधिकार नहीं, बल्कि हर नागरिक का कर्तव्य है। उन्होंने यह भी दोहराया कि वे अपने मतदान से दूसरों को भी प्रेरित करेंगी।
कार्यक्रम में प्रखंड परियोजना प्रबंधक सुरेंद्र मांझी, क्षेत्रीय समन्वयक पूजा कुमारी, सामुदायिक समन्वयक विवेक कुमार, वसरुद्दीन अंसारी, राजभूषण द्विवेदी, मानदेव राम, सुमित कुमार, कृष्णा कुमार, किरण कुमारी, नीतू कुमारी सहित जीविका दीदियां और कैडर प्रतिनिधि उपस्थित रहे। सभी ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाई

