गोपालगंज। जिले के बरौली विधानसभा क्षेत्र के प्रेम नगर आश्रम के पास आज केंद्रीय मंत्री और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान की जनसभा आयोजित होगी। सभा को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। जिला प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए हैं।
चिराग पासवान के आगमन को लेकर उनके समर्थकों और कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह देखा जा रहा है। वहीं बरौली विधानसभा के एनडीए प्रत्याशी मंजीत सिंह ने क्षेत्रवासियों से बड़ी संख्या में सभा में पहुंचने की अपील की है।
विधानसभा चुनाव को लेकर नेताओं का दौरा तेज हो चुका है। इसी कड़ी में एनडीए के घटक दल लोजपा (रामविलास) के अध्यक्ष चिराग पासवान आज बरौली में चुनावी सभा को संबोधित करेंगे। वे बैकुंठपुर से भाजपा प्रत्याशी मिथलेश तिवारी और बरौली से जदयू प्रत्याशी मंजीत सिंह के समर्थन में वोट मांगेंगे।
चिराग पासवान का यह दौरा एनडीए उम्मीदवारों के लिए अतिरिक्त ताकत साबित होगा। उनकी ओजस्वी भाषण शैली और युवाओं में लोकप्रियता को देखते हुए सभा में बड़ी भीड़ जुटने की संभावना है। वे केंद्र और राज्य सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए मतदाताओं से अपील करेंगे कि एनडीए के प्रत्याशियों को भारी मतों से जिताकर बिहार में एक मजबूत और स्थिर सरकार बनाने में सहयोग करें, ताकि विकास की रफ्तार और तेज की जा सके।

