रुद्रपुर। कल्लीडाढ़ गांव में एक युवक को झांसा देकर बुलाने और मारपीट करने का मामला सामने आया है। घटना 20 अक्तूबर की बताई जा रही है। पीड़ित युवक अंकित निषाद ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि कुछ लोगों ने मोबाइल पर फोन कर रात में उसे गांव के बाहर बुलाया और वहां पहुंचते ही उसकी जमकर पिटाई कर दी।
अंकित निषाद के अनुसार, दिन में दो युवकों ने पहले उसे धक्का देकर भगा दिया था। शाम होते-होते एक युवक ने फिर फोन कर बाहर बुलाया। जब वह रात में गांव से बाहर गया, तो तीनों आरोपियों ने मिलकर उसे घेर लिया और मारपीट शुरू कर दी।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी। इंस्पेक्टर कल्याण सिंह ने बताया कि आरोपी सुधीर चौहान, विनय गुप्ता और युगुल गुप्ता के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने बताया कि घटना के पीछे आपसी विवाद की भी जांच की जा रही है।

