देवरिया पुलिस अधीक्षक संजीव सुमन के निर्देशन में सोमवार सुबह जनपद भर में “मार्निंग वॉकर चेकिंग अभियान” चलाया गया। यह अभियान प्रातः 5 बजे से 8 बजे तक संचालित हुआ, जिसका उद्देश्य आमजन के बीच पुलिस पर विश्वास और सुरक्षा की भावना को और अधिक मजबूत करना था।
अभियान के दौरान सभी थाना प्रभारी और थानाध्यक्षों ने मॉर्निंग वॉक पर निकले नागरिकों से सीधा संवाद स्थापित किया और उन्हें सुरक्षा का भरोसा दिलाया। इस दौरान संदिग्ध व्यक्तियों, वाहनों और गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी गई। पुलिस ने चोरी की गाड़ियों, तीन सवारी चलाने वालों, मॉडिफाइड साइलेंसर और नाबालिग चालकों पर भी कार्रवाई की।
जनपदीय पुलिस ने इस अभियान के तहत कुल 23 स्थानों पर चेकिंग की, जिसमें 505 व्यक्तियों और 265 वाहनों की जांच की गई। जनता ने पुलिस की इस पहल की सराहना की और सुरक्षा व्यवस्था पर संतोष जताया। पुलिस प्रशासन का कहना है कि ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे ताकि जनता में शांति, सुरक्षा और विश्वास की भावना और सशक्त हो।


