गोपालगंज जिले के विशंभरपुर थाना क्षेत्र में चुनाव परिणाम घोषित होने से पहले शांति और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से मंगलवार को थानाध्यक्ष मुकेंद्र कुमार की अध्यक्षता में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनप्रतिनिधियों, ग्रामीणों और चुनावी कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
यह बैठक एसपी अवधेश दीक्षित के निर्देश पर आयोजित की गई थी। थानाध्यक्ष ने उपस्थित लोगों से शांति, सद्भावना और आपसी भाईचारा बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि चुनाव परिणाम आने से पहले और बाद में किसी भी प्रकार का विवाद या तनाव उत्पन्न न हो, इसके लिए सभी को सतर्क रहना होगा। उन्होंने क्षेत्र में विधि-व्यवस्था और सौहार्द कायम रखने के लिए सहयोग की बात कही और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में मुखिया प्रतिनिधि जयप्रकाश प्रसाद, सरपंच प्रतिनिधि हरि नारायण पटेल, उप सरपंच प्रतिनिधि रमेश कुमार सिंह समेत कई जनप्रतिनिधियों ने अपने सुझाव दिए। इसके अलावा संतोष दुबे, योगेंद्र राय, वीरेंद्र सिंह, वार्ड सदस्य धनंजय प्रसाद, ओमप्रकाश प्रसाद, हृदय तिवारी, दया देवी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
थानाध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि प्रशासन पूरी तरह से सतर्क है और किसी भी तरह की अराजकता या अफवाह फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी से अपील की कि चुनावी नतीजों को लोकतांत्रिक मर्यादा में स्वीकार करें और शांति बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें।


