गोपालगंज जिले के कुचायकोट थाना क्षेत्र के जलालपुर कूर्म टोला में उत्पाद विभाग की टीम ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई की। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर दो शराब तस्करों को मोटरसाइकिल सहित गिरफ्तार किया है। इनके पास से 73 पैकेट बंटी बबली ब्रांड की देसी शराब बरामद की गई है।
गिरफ्तार किए गए तस्करों की पहचान बरौली थाना क्षेत्र के कमालपुर गांव निवासी जितेंद्र कुमार और अमरेंद्र कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपी शराब की खेप लेकर बिक्री के लिए जा रहे थे, तभी उत्पाद विभाग की टीम ने घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया।
बरामद मोटरसाइकिल और शराब की खेप को जब्त कर लिया गया है। आरोपियों से पूछताछ के बाद पुलिस ने बताया कि वे लंबे समय से शराब तस्करी के धंधे में सक्रिय थे। दोनों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।


