गोपालगंज जिले के कुचायकोट प्रखंड के रामपुर माधो गांव में मंगलवार को बिजली विभाग ने बकाया वसूली अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई की। सेक्शन जेई अविनाश कुमार के नेतृत्व में टीम ने छापेमारी अभियान चलाया, जिसके दौरान 55 बड़े बकायेदारों के बिजली कनेक्शन काट दिए गए। इस कार्रवाई से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
जेई अविनाश कुमार ने बताया कि बिजली बिल बकाया वसूली अभियान के तहत हर उपभोक्ता से समय पर बिल जमा करने की अपील की जा रही है। उन्होंने कहा कि जिन उपभोक्ताओं ने बिल का भुगतान नहीं किया है, उन्हें लाल नोटिस जारी किया जा रहा है। यदि नोटिस के बाद भी बकाया राशि जमा नहीं की गई, तो कनेक्शन काटकर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने आगे कहा कि विभाग का लक्ष्य सभी उपभोक्ताओं से ₹2000 तक का बकाया बिल जल्द से जल्द जमा करवाना है। अभियान के दौरान कई उपभोक्ताओं ने मौके पर ही बिल भुगतान करने का आश्वासन दिया।
इस छापेमारी अभियान में धन-धन मिश्रा, फिरोज आलम, रामनाथ सिंह, अंजन कुमार, मंटू राम, आनंद बैठा, गुड्डू पटेल, कयामुद्दीन मियां, सिकंदर राम समेत कई कर्मी और मानव बल मौजूद थे।


