देवरिया। पुलिस लाइन सभागार में मंगलवार को पुलिस उप महानिरीक्षक, गोरखपुर परिक्षेत्र श्री एस. चन्नप्पा की अध्यक्षता और पुलिस अधीक्षक देवरिया श्री संजीव सुमन की उपस्थिति में अपराध गोष्ठी का आयोजन किया गया। इस बैठक का उद्देश्य जिले में अपराध पर प्रभावी नियंत्रण, कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाना और आगामी त्यौहारों को शांति एवं सुरक्षा के साथ सम्पन्न कराना था।
गोष्ठी में अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी श्री आनंद कुमार पांडेय, अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी श्री सुनील कुमार सिंह, सभी क्षेत्राधिकारी, प्रभारी निरीक्षक, थानाध्यक्ष एवं शाखा प्रभारी शामिल हुए। बैठक में विभिन्न अपराधों की समीक्षा की गई, जिनमें साइबर अपराध, महिला संबंधी प्रकरण, गैंगेस्टर मामलों, शराब व गो-तस्करी, निरोधात्मक कार्यवाही, लंबित विवेचनाओं का निस्तारण, और सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ की गई कार्रवाई शामिल रही।
डीआईजी श्री एस. चन्नप्पा ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि थाना क्षेत्रों के हॉटस्पॉट एरिया चिन्हित कर उनकी नियमित निगरानी की जाए। साथ ही ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत सड़कों, चौराहों, पार्कों, होटलों, ढाबों, बैंकों, स्कूलों और पेट्रोल पंपों पर लगाए गए सीसीटीवी कैमरों की जांच सुनिश्चित की जाए तथा खराब कैमरों को तुरंत दुरुस्त कराया जाए।
उन्होंने आगे कहा कि संवेदनशील स्थलों, सार्वजनिक प्रतिष्ठानों, सर्राफा बाजारों, बस अड्डों, रेलवे स्टेशनों सहित सभी भीड़भाड़ वाले स्थानों पर विशेष सतर्कता रखी जाए। थाना प्रभारियों को निर्देश दिया गया कि बार्डर और बैरियर पॉइंटों पर पर्याप्त पुलिस बल के साथ जांच अभियान चलाएं, रात्रि गश्त को सख्ती से लागू करें और सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने वालों के विरुद्ध कार्रवाई करें।
गोष्ठी के अंत में डीआईजी ने यातायात व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए यातायात प्रभारी को दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि नवंबर माह को “यातायात माह” के रूप में मनाया जा रहा है, जिसके तहत चेकिंग अभियान और जनजागरूकता कार्यक्रम चलाकर सड़क दुर्घटनाओं को रोकने का प्रयास किया जा रहा है।


