मांझागढ़ (गोपालगंज) में नियमित टीकाकरण अभियान के तहत बुधवार को दर्जनों आंगनबाड़ी केंद्रों में टीकाकरण किया गया। जानकारी के अनुसार एएनएम सप्ताह में छह दिन – सोमवार, मंगलवार, बुधवार, गुरुवार, शुक्रवार और शनिवार को टीकाकरण कार्य करती हैं। वहीं नियमित टीकाकरण अभियान के अंतर्गत बुधवार, गुरुवार, शुक्रवार और शनिवार को आंगनबाड़ी केंद्रों पर डीयू बुक के अनुरूप शून्य से पाँच वर्ष तक के बच्चों एवं गर्भवती महिलाओं का टीकाकरण किया जाता है, जबकि सोमवार, मंगलवार और गुरुवार को उप-स्वास्थ्य केंद्र पर टीकाकरण होता है।
बुधवार को मांझा प्रखंड अंतर्गत मांझा टोला लँगटु हाता में एएनएम बेबी कुमारी द्वारा बच्चों और गर्भवती महिलाओं का टीकाकरण किया गया। इस दौरान आशा आरती देवी और सेविका प्रतिभा देवी घर-घर जाकर महिलाओं व बच्चों को टीकाकरण केंद्र तक ला रही थीं।
मांझा टोला लँगटु हाता, पथरा इंद्रा आवास आंगनबाड़ी केंद्र सहित करीब एक दर्जन केंद्रों पर टीकाकरण कराया गया, जिसमें प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. तारिक इब्राहिम के निर्देश के तहत कार्य संपन्न हुआ। जानकारी स्वास्थ्य समिति प्रबंधक सिद्धार्थ कुमार ने दी। मौके पर बीसीएम सुनील कुमार और अकाउंटेंट मुकेश ओझा भी उपस्थित रहे।


