देवरिया में पुलिस अधीक्षक संजीव सुमन के निर्देशन में आज सुबह मॉर्निंग वॉकर चेकिंग अभियान चलाया गया। सुबह 5 बजे से 8 बजे तक हुए इस अभियान का उद्देश्य नागरिकों में सुरक्षा व विश्वास की भावना को मजबूत करना तथा कानून व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाना रहा। जिले के सभी थाना प्रभारी व थानाध्यक्षों ने स्वयं आम नागरिकों से संवाद स्थापित किया और उन्हें सुरक्षा का भरोसा दिलाया।
अभियान के दौरान मॉर्निंग वॉक पर निकले लोगों से पुलिस टीमों ने बातचीत की और उन्हें मित्र पुलिसिंग का अनुभव देते हुए छोटे विवादों को मौके पर सुलझाने का प्रयास किया। साथ ही संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की चेकिंग की गई, परिवहन नियमों का पालन न करने वालों पर कार्रवाई भी की गई।
पुलिस द्वारा की गई जांच के दायरे में चोरी की गाड़ियों की तलाश, मॉडिफाइड साइलेंसर वाले वाहनों पर कार्रवाई, नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने की रोकथाम और दोपहिया वाहनों पर तीन सवारी चलने जैसे मामलों पर विशेष निगरानी रखी गई। अभियान के दौरान 14 स्थानों पर कुल 238 व्यक्तियों और 123 वाहनों की जांच की गई, जिसमें नियम उल्लंघन के मामले में 3 वाहनों का चालान किया गया।
स्थानीय लोगों ने पुलिस की इस पहल की प्रशंसा की और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर संतोष व्यक्त किया। पुलिस प्रशासन का कहना है कि इस तरह के अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे ताकि आमजन में सुरक्षा, शांति और भरोसे का वातावरण बनाए रखा जा सके।


