गोपालगंज के बंजारी रोड स्थित भारतीय स्टेट बैंक के एटीएम पर एक चिकित्सक के साथ साइबर ठगी का मामला सामने आया है। पैसा निकालने पहुंचे चिकित्सक का एटीएम कार्ड मशीन में फंस गया। शिकायत के बाद भी बैंक की ओर से उचित कार्रवाई समय पर नहीं की गई। इसी बीच साइबर अपराधियों ने कार्ड को बाहर निकाल कर कपड़ों की खरीदारी की और गाड़ियों में पेट्रोल भरवाते हुए लगभग 92 हजार रुपये की निकासी कर ली।
मामले की जानकारी मिलते ही चिकित्सक ने नगर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस जांच में जुट गई है।
बताया जाता है कि कटेया थाना क्षेत्र के रामदास बगही निवासी चिकित्सक सुधांशु शेखर मिश्रा एटीएम से पैसे निकालने पहुंचे थे। मशीन में कार्ड डालते ही वह फंस गया और काफी कोशिशों के बाद भी बाहर नहीं आया, जिसके बाद उन्होंने बैंक में शिकायत दर्ज कराई। इस दौरान साइबर ठगों ने कार्ड निकालकर खरीदारी और पेट्रोल भराने में उसका उपयोग कर लिया।
पीड़ित चिकित्सक का आरोप है कि बिना ओटीपी सभी निकासी की गई। साथ ही एटीएम पर गार्ड की व्यवस्था नहीं रहती और हेल्पलाइन के नाम पर धोखाधड़ी करने वाले अपने नंबर चिपका देते हैं, जिस पर भी किसी का ध्यान नहीं जाता। पुलिस अब इस मामले में ठगों की पहचान में जुटी हुई है।

