गोपालगंज के बैकुंठपुर प्रखंड स्थित डुमरिया घाट पर स्वीकृत विद्युत शवदाह गृह निर्माण में संवेदक द्वारा लगातार हो रही देरी को देखते हुए बुडको के एमडी अनिमेष पराशर ने कड़ी कार्रवाई की है। एमडी ने संवेदक को तत्काल प्रभाव से बर्खास्त करने का आदेश जारी करते हुए परियोजना में और विलंब रोकने के लिए शीघ्र पुनर्निविदा निकालने का निर्देश दिया है।
यह परियोजना मई 2020 में विधायक मिथिलेश तिवारी द्वारा नमामि गंगे योजना के तहत स्वीकृत कराई गई थी। नारायणी रिवर फ्रंट पर विद्युत शवदाह गृह की मांग क्षेत्र के लोग लंबे समय से कर रहे थे, जिससे अंतिम संस्कार की व्यवस्था आधुनिक और पर्यावरण के अनुकूल हो सके।
विधायक ने बताया कि लगातार नोटिस और निर्देश देने के बावजूद संवेदक की ओर से कार्य में कोई प्रगति नहीं हुई। मामले को उच्चस्तर पर उठाए जाने के बाद बुडको ने कार्रवाई करते हुए संवेदक को बर्खास्त कर दिया। स्थानीय लोगों ने इस फैसले का स्वागत किया है और उम्मीद जताई है कि पुनर्निविदा के बाद निर्माण कार्य तेजी से आगे बढ़ेगा।
विधायक तिवारी ने कहा कि यह परियोजना क्षेत्र के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है और इसे हर हाल में समय पर पूरा किया जाएगा 

