गोपालगंज। सदर प्रखंड के जादोपुर दुखहरण गांव स्थित सरकारी पोखरा की जमीन पर कई वर्षों से किए गए अतिक्रमण को प्रशासन ने कड़ी कार्यवाही करते हुए बुधवार को हटवा दिया। जिला प्रशासन के निर्देश पर सदर सीओ रजत कुमार बरनवाल के नेतृत्व में पुलिस बल और जेसीबी मशीन की मदद से यह कार्रवाई की गई। स्थानीय लोगों के विरोध और आक्रोश के बीच लगभग दो घंटे तक चली इस कार्रवाई में पोखरा की जमीन पर खड़ी 11 झोपड़ियों को हटाया गया।
जानकारी के अनुसार, पोखरा के किनारे पिछले कई वर्षों से 11 परिवार अपनी झोपड़ियां बनाकर रह रहे थे। प्रशासन की ओर से उन्हें कई बार नोटिस देकर जमीन खाली करने का निर्देश दिया गया था, लेकिन नोटिस के बावजूद अतिक्रमण नहीं हटाया गया। इसी क्रम में डीएम पवन कुमार सिन्हा के आदेश पर बुधवार को टीम जादोपुर दुखहरण पोखरा पहुंची और अतिक्रमण मुक्त कराने की प्रक्रिया को अंजाम दिया।
सदर सीओ ने स्पष्ट किया कि सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार के अवैध कब्जे को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि नोटिस देने के बाद भी जब कब्जा नहीं हटाया गया, तब प्रशासनिक कार्रवाई करना अनिवार्य हो गया। सीओ ने संकेत दिया कि आगे भी जिला प्रशासन सरकारी जमीन पर अतिक्रमण की पहचान कर कार्रवाई जारी रखेगा।

