गोपालगंज। देश के प्रथम राष्ट्रपति और महान स्वतंत्रता सेनानी डॉ. राजेंद्र प्रसाद की जयंती पर बुधवार को शहर के पोस्ट ऑफिस चौराहा स्थित उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिलाधिकारी पवन कुमार सिन्हा, बिहार विकास विद्यालय के निदेशक अनिल कुमार श्रीवास्तव, शिवाजी समाज कल्याण ट्रस्ट के अध्यक्ष आनंद बिहारी श्रीवास्तव, नगर परिषद के चेयरमैन हरेंद्र चौधरी, राघव पांडेय, ज्योति बरनवाल, विनोद तिवारी, विमल जी सहित कई गणमान्य व्यक्तियों ने भाग लेकर उन्हें श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम में विद्यालय के एचआर प्रदीप वर्मा और स्थानीय नागरिक भी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर अतिथियों ने डॉ. राजेंद्र प्रसाद के राष्ट्र के प्रति योगदान, ईमानदारी, सादगी और सेवा भाव को याद किया। निदेशक अनिल कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि डॉ. राजेंद्र प्रसाद युवाओं के लिए प्रेरणा स्रोत हैं और उनके आदर्श समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण हैं। जिलाधिकारी पवन कुमार सिन्हा ने उनके जीवन से जुड़े प्रसंगों का उल्लेख करते हुए कहा कि त्याग, समर्पण और देश के प्रति निष्ठा उनके व्यक्तित्व की सबसे बड़ी पहचान रही।
शिवाजी समाज कल्याण ट्रस्ट के अध्यक्ष आनंद बिहारी श्रीवास्तव ने कहा कि संविधान निर्माण में डॉ. प्रसाद की महत्वपूर्ण भूमिका रही और उनकी सेवाओं के सम्मान में उन्हें भारत रत्न से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में बिहार विकास विद्यालय के छात्र-छात्राएं भी मौजूद रहे, जिन्हें जिलाधिकारी द्वारा बिस्कुट और मिठाई वितरण किया गया।
कार्यक्रम सम्मानपूर्वक और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।
