गोपालगंज, 03 दिसंबर 2025। देश के प्रथम राष्ट्रपति, देशरत्न और महान स्वतंत्रता सेनानी भारत रत्न डॉ. राजेंद्र प्रसाद की जयंती पर बुधवार को शहर के पोस्ट ऑफिस चौक स्थित उनकी प्रतिमा पर जिला प्रशासन की ओर से माल्यार्पण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिला पदाधिकारी पवन कुमार सिन्हा, अपर समाहर्ता राजेश्वरी पाण्डेय और अपर समाहर्ता (लोक शिकायत निवारण) रोहित कुमार सहित जिले के कई वरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने डॉ. राजेंद्र प्रसाद की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया। जिला पदाधिकारी पवन कुमार सिन्हा ने कहा कि डॉ. राजेंद्र प्रसाद ने अपनी सादगी, विद्वता और अटूट देशभक्ति से भारतीय लोकतंत्र की नींव को मजबूत किया। संविधान निर्माण के दौरान उनका नेतृत्व पूरे देश के लिए मिसाल रहा है। उन्होंने कहा कि उनका जीवन संघर्ष, अनुशासन, समर्पण और ईमानदारी से प्रेरित रहा, जो आने वाली पीढ़ियों के लिए मार्गदर्शक है।
इस अवसर पर विद्यालय के बच्चों में डीएम पवन कुमार सिन्हा द्वारा बिस्कुट वितरित किए गए। बच्चों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी को राष्ट्र निर्माण के लिए शिक्षा और सेवा भाव को अपनाना होगा। अपर समाहर्ता राजेश्वरी पाण्डेय और रोहित कुमार ने भी अपने संबोधन में कहा कि डॉ. राजेंद्र प्रसाद की कार्यशैली और उच्च चरित्र आज भी प्रशासन के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं। महान व्यक्तित्वों के आदर्शों को जीवन में उतारकर ही समाज और देश का विकास संभव है।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अधिकारी, छात्र-छात्राएं और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। पूरा कार्यक्रम सम्मान और देशभक्ति की भावना के साथ सम्पन्न हुआ।
