देवरिया। पुलिस अधीक्षक संजीव सुमन के निर्देशन में जिला पुलिस द्वारा शांति, सुरक्षा और कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से बुधवार, 03 दिसंबर 2025 को प्रातः 05.00 बजे से 08.00 बजे तक “मॉर्निंग वॉकर चेकिंग” अभियान चलाया गया। अभियान का मुख्य उद्देश्य सामुदायिक सहभागिता के माध्यम से आम नागरिकों से सीधा संवाद स्थापित कर उनके बीच विश्वास और सुरक्षा की भावना को मजबूत करना था।

इस अभियान के तहत पुलिस अधिकारियों ने सुबह की सैर के दौरान लोगों से बातचीत कर छोटे-मोटे विवादों का सामुदायिक स्तर पर समाधान करने, मित्र पुलिस की भावना को बढ़ावा देने और सुरक्षा से जुड़े विभिन्न बिंदुओं के प्रति जागरूक किया। चेकिंग के दौरान संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की तलाशी ली गई, तीन सवारी पर कार्रवाई की गई, मोडिफाइड साइलेंसर वाले दुपहिया वाहनों का चालान किया गया, नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने एवं अवैध गतिविधियों पर निगरानी रखी गई। साथ ही वाहन चोरी, असलहा और अवैध मादक पदार्थों की जांच भी की गई।

पुलिस ने आमजन को अभियान की जानकारी देते हुए सुरक्षा उपायों को साझा किया, जिसका लोगों ने स्वागत किया और मॉर्निंग वॉक के दौरान बढ़ी सुरक्षा व्यवस्था पर संतोष व्यक्त किया।

अभियान के दौरान जनपद में कुल 20 स्थानों पर चेकिंग की गई, जिसमें 378 व्यक्तियों और 248 वाहनों की जांच की गई। पुलिस ने कहा कि ऐसे अभियान निरंतर जारी रहेंगे और जनता की सुरक्षा, शांति व विश्वास को सर्वोच्च प्राथमिकता के रूप में रखा जाएगा।