देवरिया। पुलिस अधीक्षक संजीव सुमन द्वारा अपराध और अपराधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे मॉर्निंग वॉकर चेकिंग अभियान के तहत रामपुर कारखाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। बुधवार, 03 दिसंबर 2025 को चेकिंग के दौरान थाना रामपुर कारखाना पुलिस टीम ने रामपुर तिराहे पर एक बोलेरो वाहन (UP 57 AJ 8732) को रोका और जांच के दौरान उसमें रखी 32,78,500 रुपये नकद राशि बरामद की।
वाहन चला रहे व्यक्ति की पहचान दीपक वर्मा पुत्र हरिलाल वर्मा निवासी ग्राम नरहवा थाना पटेहरवा जिला कुशीनगर के रूप में हुई। बरामद नकदी के संबंध में कोई दस्तावेज या वैध प्रमाण प्रस्तुत न करने पर पुलिस ने तुरंत आयकर विभाग को सूचना दी। आयकर विभाग की टीम द्वारा मौके पर पहुंचकर बरामद राशि का विवरण तैयार किया गया और इसे थाना स्थानीय के मालगृह में जमा कराया गया। नकदी के स्रोत और वैधता की जांच आयकर विभाग द्वारा की जा रही है।
पुलिस प्रशासन ने बताया कि मॉर्निंग वॉकर चेकिंग अभियान का उद्देश्य संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी रखना, अवैध धन, अपराध से अर्जित संपत्ति और असामाजिक तत्वों पर प्रभावी कार्रवाई करना है। अभियान आगे भी जारी रहेगा।

