देवरिया। पुलिस अधीक्षक संजीव सुमन के निर्देशन में जनपद में शांति, सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से बुधवार, 04 दिसंबर 2025 को प्रातः 05.00 बजे से 08.00 बजे तक “मॉर्निंग वॉकर चेकिंग” अभियान चलाया गया। इस अभियान का उद्देश्य आमजन से संवाद स्थापित कर उनके बीच विश्वास और सुरक्षा की भावना को मजबूत करना है।
मॉर्निंग वॉकर अभियान के दौरान पुलिस अधिकारियों ने सामुदायिक स्तर पर लोगों से संवाद करते हुए छोटे-मोटे विवादों का समाधान किया और मित्र पुलिसिंग की भावना को बढ़ावा दिया। चेकिंग के दौरान संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की तलाशी ली गई। तीन सवारी, मोडिफाइड साइलेंसर, नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने, दोपहिया पर अधिक सवारी, अवैध मादक पदार्थ तथा असलहा रखने वालों पर कार्रवाई की गई। चोरी की गाड़ियों, अवैध गतिविधियों और नियम विरुद्ध परिवहन पर विशेष निगरानी रखी गई।
पुलिस टीमों ने संवाद के दौरान आमजन को सुरक्षा उपायों की जानकारी दी। लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए मॉर्निंग वॉक के दौरान सुरक्षा व्यवस्था पर संतोष जाहिर किया। जिला पुलिस ने बताया कि ऐसे अभियान निरंतर जारी रहेंगे और आमजन की सुरक्षा, शांति एवं विश्वास को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी।

