गौरी बाजार/बखरा। क्षेत्र के इंदूपुर गांव में 34 वर्षीय विवाहिता खुशी देवी की बुधवार देर रात संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उनका शव घर के कमरे में छत के कुंडे से फंदे पर लटका मिला। परिजन रात में ही अंतिम संस्कार की तैयारी कर रहे थे, तभी सूचना मिलने पर मायके पक्ष ने पुलिस को अवगत कराया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया, जबकि ससुराल पक्ष के लोग घर से गायब हो गए।
मृतका खुशी देवी पत्नी चंदन गौड़, निवासी परसा जोकहादह (सुरौली थाना क्षेत्र) की दो संतानें हैं। पति के साथ अक्सर कहासुनी की बात सामने आई है। बुधवार शाम भी विवाद होने की बात ग्रामीणों ने बताई। देर रात शोर हुआ और खुशी का शव फंदे पर लटका मिला।
घटना की जानकारी पर सीओ रुद्रपुर हरिराम यादव, एसओ राहुल सिंह, नायब तहसीलदार अनिल तिवारी सहित पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सीओ रुद्रपुर ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

