लार। क्षेत्र के रावतपार अमेठीया गांव में गुरुवार को उस समय हड़कंप मच गया जब एक महिला ने अज्ञात कारणों से फिनायल पी लिया। घटना के बाद घर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। परिजनों ने स्थिति गंभीर देख तुरंत महिला को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लार पहुंचाया। चिकित्सा टीम ने प्राथमिक उपचार किया और लगातार स्थिति की निगरानी की। डॉक्टरों के अनुसार समय पर अस्पताल लाए जाने से महिला की जान बच गई और फिलहाल उसकी हालत सामान्य बताई जा रही है।
ग्रामीणों के बीच घटना को लेकर कई तरह की चर्चाएं होती रहीं, हालांकि फिनायल पीने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। परिजन इस संबंध में कुछ भी बताने से बचते दिखे। उधर चिकित्सा कर्मियों ने आवश्यक पूछताछ की और महिला को चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया। घटना की सूचना स्थानीय पुलिस को भी दे दी गई है। मामले की जांच की जा रही है।

