खुखुंदू। थाना क्षेत्र के मझवलिया नंबर 2 गांव में 59 वर्षीय कमलावती देवी की ट्रैक्टर की चपेट में आने से मौत का मामला सामने आया है। परिजनों का आरोप है कि 24 नवंबर को बकरी चराने गई कमलावती देवी को गांव के चकरोड पर तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने कुचल दिया, जिससे उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना के बाद चालक ट्रैक्टर लेकर फरार हो गया।
मृतका के बेटे सूर्यभान यादव के अनुसार, वह बाहर रहता है और जानकारी मिलने पर गांव आया और अंतिम संस्कार आदि में व्यस्त रहा। गुरुवार को उसने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवा लिया है और मामले की जांच की जा रही है। एसओ दिनेश कुमार मिश्र ने बताया कि तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

