गोपालगंज। जिले को उत्तर प्रदेश से सीधा रेल मार्ग से जोड़ने की वर्षों पुरानी मांग को लेकर लोकसभा शीतकालीन सत्र में आवाज उठाई गई। सांसद डॉ. आलोक कुमार सुमन ने सदन के माध्यम से नार्थ ईस्ट रेलवे जोन के अंतर्गत हथुआ–भटनी रेलवे लाइन प्रोजेक्ट को शीघ्र पूरा कराने की मांग रखी। यह परियोजना कुल 79.64 किलोमीटर लंबी है जिसमें से 31 किलोमीटर का कार्य पूरा हो चुका है। सांसद के अनुसार 2019 तक इस परियोजना पर 277.13 करोड़ रुपये व्यय किए जा चुके हैं।
उन्होंने बताया कि पंचदेवरी से भटनी तक 48.64 किलोमीटर के हिस्से में भूमि अधिग्रहण न होने के कारण निर्माण कार्य रुका हुआ है। सांसद ने लोकसभा अध्यक्ष के माध्यम से रेल मंत्री से आग्रह किया कि शेष हिस्से के लिए आवश्यक धनराशि और प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान करते हुए निर्माण शीघ्र प्रारंभ कराया जाए। उन्होंने कहा कि परियोजना पूरी होने से रेलवे को राजस्व में वृद्धि होगी तथा क्षेत्र के 32 लाख लोगों को देश के विभिन्न क्षेत्रों तक बेहतर यात्रा सुविधा प्राप्त होगी।

