गोपालगंज। शहर के मुख्य मार्गों पर दुकानदारों और फुटपाथ पर लगाए जा रहे ठेलों द्वारा किए गए अतिक्रमण के खिलाफ गुरुवार को नगर परिषद ने सख्त कार्रवाई की। जिला प्रशासन के निर्देश पर कार्यपालक पदाधिकारी अजय कुमार के नेतृत्व में टीम ने कचहरी रोड पर अभियान चलाते हुए सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण को हटाया। इस दौरान करीब 60 दुकानों को हटाया गया तथा फुटपाथी दुकानदारों के सामान को जब्त किया गया।
कार्यपालक पदाधिकारी ने बताया कि जिला प्रशासन ने सड़क पर फैलते अतिक्रमण को लेकर स्पष्ट निर्देश दिए हैं। इसी क्रम में नगर परिषद और नगर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने अभियान शुरू किया है। उन्होंने कहा कि दुकानदारों को सख्त चेतावनी दी गई है कि दोबारा अतिक्रमण न करें। यह अभियान नगर के अन्य मुख्य मार्गों पर प्रतिदिन चलाया जाएगा और 15 दिसंबर तक कार्यवाही जारी रहेगी।

