गोपालगंज। समाहरणालय सभाकक्ष में गुरुवार को जिला पदाधिकारी पवन कुमार सिन्हा की अध्यक्षता में आकांक्षी प्रखंड उचकागाँव कार्यक्रम से संबंधित समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रखंड स्तर पर संचालित शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण, कृषि, शौचालय निर्माण, पेयजल, आधारभूत संरचना और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई।
जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि आकांक्षी प्रखंड उचकागाँव के प्रत्येक पंचायत में सरकारी योजनाओं की 100 प्रतिशत उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। स्वास्थ्य उपकेंद्रों में चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मचारियों की नियमित उपस्थिति पर विशेष जोर दिया गया। आंगनबाड़ी केंद्रों में पोषण सामग्री के वितरण में पारदर्शिता और गुणवत्ता बनाए रखने का निर्देश दिया गया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सरकारी लाभ हर पात्र व्यक्ति तक पहुंचे और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
शिक्षा के क्षेत्र में विद्यालय उपस्थिति बढ़ाने, स्मार्ट क्लास, पुस्तक उपलब्धता और परीक्षा परिणाम सुधारने हेतु विशेष रणनीति अपनाने को कहा गया। डीएम ने सभी विभागों को समन्वित रूप से कार्य करते हुए निर्धारित समय सीमा में लक्षित योजनाओं को पूर्ण करने का निर्देश दिया, ताकि प्रखंड को आकांक्षी श्रेणी से आगे बढ़ाया जा सके।
बैठक में अपर समाहर्ता राजेश्वरी पाण्डेय, भू-अर्जन पदाधिकारी अनिल कुमार, पंचायती राज पदाधिकारी धर्मेंद्र कुमार, वरीय उप समाहर्ता दिलीप कुमार, अजय कुमार, सिविल सर्जन बीरेंद्र प्रसाद समेत विभिन्न विभागों के पदाधिकारी उपस्थित रहे और अपने विभाग की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की।

