बेतिया। बेतिया–गोपालगंज मुख्य पथ पर गुरुवार की अहले सुबह तेज गति से आ रही एक अनियंत्रित पिकअप ने सड़क पार कर रही महिला को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक वाहन सहित फरार हो गया। गंभीर रूप से घायल महिला को परिजन तत्काल सरकारी मेडिकल अस्पताल, बेतिया लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। मृतका की पहचान लगभग 50 वर्षीय लालमति देवी के रूप में हुई है।
दुर्घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है और परिजन रो-रोकर बेहाल हैं। स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि हाईवे पर तेज रफ्तार वाहनों की वजह से दुर्घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं और सुरक्षा के पर्याप्त उपाय न होने से राहगीरों की जान जोखिम में रहती है।
उधर पुलिस ने घटना के संबंध में जांच शुरू कर दी है तथा फरार चालक और पिकअप वाहन की तलाश की जा रही है।

