देवरिया। भारत सरकार के वित्त मंत्रालय द्वारा निर्देशित एवं अक्टूबर से दिसंबर 2025 तक चलाए जा रहे जन-जागरूकता अभियान के तहत शुक्रवार को सेण्ट ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान परिसर में “आपकी पूँजी, आपका अधिकार” शिविर आयोजित किया गया। शिविर में भारतीय रिज़र्व बैंक के अंकुश श्रीवास्तव, अग्रणी बैंक कार्यालय से आशीष मीणा, सेंट्रल बैंक के वरिष्ठ प्रबंधक राकेश कुमार, पंजाब नेशनल बैंक के कुलदीप कुमार शाह तथा भारतीय स्टेट बैंक राघवनगर के मनीष कुमार सहित विभिन्न बैंकों एवं वित्तीय संस्थानों के अधिकारी उपस्थित रहे।
शिविर में जिले से बड़ी संख्या में नागरिक पहुंचे और अपने एवं अपने परिजनों के खातों में जमा अनक्लेम्ड राशि से संबंधित जानकारी प्राप्त की। इस दौरान सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया, एसबीआई, पीएनबी, बैंक ऑफ बड़ौदा तथा यूपी ग्रामीण बैंक सहित अन्य संस्थानों के माध्यम से पात्र लाभार्थियों को अनक्लेम्ड राशि से जुड़े प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए।
शिविर में समस्त बैंकों द्वारा संयुक्त रूप से लगभग 40 लाख रुपये की अनक्लेम्ड धनराशि का निस्तारण किया गया। कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने लोगों को इस अभियान के महत्व के बारे में जागरूक किया और अपील की कि वे स्वयं के साथ अन्य लोगों को भी इस अभियान की जानकारी देकर लाभान्वित करें।

