गोपालगंज। सिविल कोर्ट परिसर में उस समय सनसनी फैल गई जब एक किशोरी अचानक नवनिर्मित बहुमंजिला कोर्ट भवन की छत पर चढ़ गई और रेलिंग किनारे खड़े होकर कूदने की कोशिश करने लगी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, किशोरी अचानक परिसर में पहुंची और सीधे पांचवीं मंजिल की छत पर जाकर खतरनाक स्थिति में खड़ी हो गई। यह घटना देखते ही परिसर में अफरातफरी मच गई और लोगों की भीड़ जमा हो गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और काफी देर तक उसे समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह किसी की बात सुनने को तैयार नहीं थी। बताया जा रहा है कि किशोरी अपनी निजी समस्याओं से परेशान थी। इसी बीच एक युवक ने साहस दिखाते हुए अवसर का लाभ लिया और मौके पर पहुंचकर किशोरी को सुरक्षित पकड़ लिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
किशोरी को सुरक्षित नीचे लाए जाने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली और युवक की बहादुरी की सराहना की। पुलिस ने किशोरी को अपनी सुरक्षा में लिया है और पूरे मामले की जांच में जुट गई है कि आखिर उसने ऐसा कदम क्यों उठाया।

