गोपालगंज। बरौली थाना क्षेत्र के संदली–परसा सड़क पर गुरुवार की रात एक अज्ञात वाहन की चपेट में आने से 60 वर्षीय जीतन महतो गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें स्थानीय लोगों की मदद से बरौली अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने सदर अस्पताल रेफर कर दिया। इलाज के दौरान शुक्रवार सुबह उनकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार, संदली गांव निवासी जीतन महतो बरौली बाजार से खरीदारी कर अपने घर लौट रहे थे, तभी तेज रफ्तार से गुजर रहे एक अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
बरौली थानाध्यक्ष अणिमा राणा ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है और पुलिस अज्ञात वाहन की पहचान में जुटी हुई है।

