गोपालगंज। समाहरणालय सभागार में सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की निर्वाचक नामावली निर्माण को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिलाधिकारी पवन कुमार सिन्हा ने की। बैठक में राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि शामिल हुए।
जिलाधिकारी ने बताया कि 25 नवंबर को निर्वाचक सूची का प्रारूप प्रकाशित किया जा चुका है और सभी राजनीतिक दलों को मतदाता सूची उपलब्ध करा दी गई है। साथ ही दावों एवं आपत्तियों की प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी गई। जारी निर्देश के अनुसार योग्य शिक्षक जिनका नाम सूची में शामिल नहीं है, वे प्रपत्र-19 में दावा प्रस्तुत कर सकते हैं। वहीं अयोग्य व्यक्ति का नाम सूची में दर्ज होने पर प्रपत्र-7 में आपत्ति दर्ज कराई जा सकती है। सूची संशोधन हेतु प्रपत्र-8 में आवेदन किया जाएगा।
दावों एवं आपत्तियों की अंतिम तिथि 10 दिसंबर निर्धारित की गई है। नियमानुसार सत्यापन और प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद 30 दिसंबर को अंतिम निर्वाचक सूची प्रकाशित की जाएगी। जिलाधिकारी ने राजनीतिक दलों से अपील की कि वे अपने स्तर से शिक्षकों को जानकारी दें, ताकि निर्वाचक सूची त्रुटिरहित तैयार हो सके। बैठक में विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि, उप निर्वाचन पदाधिकारी डॉ. शशि प्रकाश सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

