गोपालगंज। बिहार राज्य खेल प्राधिकरण एवं जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित राज्य स्तरीय (अंतर–प्रमंडल) विद्यालय खो-खो बालिका प्रतियोगिता 2025–26 का सफल आयोजन 2 से 5 दिसंबर तक मिंज स्टेडियम, गोपालगंज में किया गया। विभिन्न प्रमंडलों से पहुंची बालिका टीमों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन के साथ खेल भावना का परिचय दिया।
फाइनल मुकाबलों में अंडर–14 वर्ग में पटना ने विजेता और मुंगेर ने उप विजेता स्थान प्राप्त किया। अंडर–17 वर्ग में भागलपुर विजेता तथा मुंगेर उप विजेता रहा। वहीं अंडर–19 वर्ग में सारण ने चैंपियन का खिताब जीता जबकि तिरहुत उप विजेता रहा।
समापन समारोह में जिला पदाधिकारी ने विजेता और उप विजेता टीमों को मेडल एवं ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया। इस अवसर पर अपर समाहर्ता, वरीय कोषागार पदाधिकारी, जिला खेल पदाधिकारी सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित थे।
प्रतियोगिता के सफल संचालन के लिए जिला खेल पदाधिकारी अनिल कुमार के निर्देशन में सुरक्षा, खेल व्यवस्था और खिलाड़ियों की सुविधा की सतत निगरानी की गई। शारीरिक शिक्षकों का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा। समापन कार्यक्रम में सरस्वती संगीत कला केंद्र के कलाकारों ने आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुति देकर समारोह को यादगार बना दिया।

