देवरिया। समाज कल्याण विभाग की “मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना” के अंतर्गत शुक्रवार को राजकीय आईटीआई देवरिया परिसर में 415 जोड़ों का सामूहिक विवाह संपन्न हुआ। इसमें 387 हिंदू और 28 मुस्लिम जोड़ों ने वैवाहिक जीवन में प्रवेश किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत अध्यक्ष पंडित गिरीश चंद्र तिवारी मौजूद रहे। साथ ही सांसद प्रतिनिधि श्री रामप्रकाश यादव, एमएलसी प्रतिनिधि श्री राजू मणि, जिलाधिकारी दिव्या मित्तल, पुलिस अधीक्षक, मुख्य विकास अधिकारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी सहित कई अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
सामूहिक विवाह कार्यक्रम में शहर के गणमान्य व्यक्तियों ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देकर उनके सुखद भविष्य की कामना की। यह योजना अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग, अल्पसंख्यक और आर्थिक रूप से कमजोर सामान्य वर्ग के परिवारों की बेटियों के विवाह हेतु संचालित की जाती है, जिनकी वार्षिक आय तीन लाख रुपये तक हो।
योजना के अंतर्गत प्रति जोड़ा एक लाख रुपये की धनराशि व्यय की गई, जिसमें 60 हजार रुपये सीधे विवाहित कन्या के खाते में हस्तांतरित किए जा रहे हैं, 25 हजार रुपये गृहस्थी सामग्री, वस्त्र एवं आभूषण पर तथा 15 हजार रुपये भोजन और टेंट व्यवस्था पर व्यय किए गए।
Deoria News, Mukhyamantri Samuhik Vivah, Social Welfare Scheme, Government Support, Local News Deoria

