देवरिया। पुलिस अधीक्षक संजीव सुमन के निर्देशन में शनिवार सुबह 5 से 8 बजे तक जनपदीय पुलिस द्वारा “मॉर्निंग वॉकर चेकिंग” अभियान चलाया गया। अभियान के तहत सभी थाना प्रभारियों और थानाध्यक्षों ने आमजन से सीधा संवाद स्थापित कर सुरक्षा का भरोसा दिलाया तथा शहर में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की गहन जांच की गई।
इस अभियान का उद्देश्य समुदाय के साथ सीधे जुड़कर मित्र पुलिसिंग को बढ़ावा देना, छोटे विवादों का निस्तारण सामुदायिक स्तर पर करना और लोगों में सुरक्षा व विश्वास की भावना को और मजबूत बनाना है। चेकिंग के दौरान संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखते हुए तलाशी और पूछताछ की गई। चोरी की गाड़ियों की जांच, तीन सवारी पर कार्रवाई, मॉडिफाइड साइलेंसर वाले वाहनों का चालान, नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने सहित अवैध मादक पदार्थ और असलहा पर कार्रवाई की गई।
जनसामान्य को संवाद के माध्यम से अभियान के उद्देश्यों से अवगत कराया गया। लोगों ने पुलिस की इस पहल की सराहना की और मॉर्निंग वॉक के दौरान सुरक्षा व्यवस्था पर संतोष व्यक्त किया। अभियान के दौरान जनपद के 19 स्थानों पर चेकिंग की गई, जिसमें 337 व्यक्तियों और 185 वाहनों की जांच की गई।

