तीन गिरफ्तार, चार फरार; व्यापारियों के अपहरण की साजिश का खुलासा
Portal News Script
सलेमपुर कोतवाली थाना क्षेत्र के महदहां पुल के पास एसटीएफ ने देर रात एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। मुठभेड़ के दौरान मऊ जिले का कुख्यात बदमाश हिमांशु यादव उर्फ गोविंद यादव पैर में गोली लगने से घायल होकर पकड़ा गया। उसके साथ दो अन्य आरोपी – मऊ निवासी मंजीत यादव और देवरिया जिले के बरांव निवासी नीतेश यादव को भी गिरफ्तार किया गया है।
एसटीएफ के डिप्टी एसपी डीके शाही ने बताया कि हिमांशु यादव देवरिया, कुशीनगर, मऊ और गाजीपुर जिलों में लूट की बड़ी घटनाओं में शामिल रहा है। यही गैंग राजस्थान में भी लूट की बड़ी वारदात को अंजाम दे चुका है। यह गिरोह बड़े व्यापारियों का अपहरण कर उन्हें नेपाल ले जाकर फिरौती वसूलने में सक्रिय था।
सूत्रों के अनुसार इस गैंग ने सलेमपुर कस्बे के तीन व्यापारियों – ईंट भट्ठा मालिक और जमीन कारोबारी राजकमल तिवारी, उनके भाई युवराज तिवारी और होटल व्यवसायी चुन्नू तिवारी के अपहरण की योजना बनाई थी। बदमाशों ने चुन्नू तिवारी का पीछा भी किया था। इसी जानकारी के बाद एसटीएफ कई दिनों से गिरोह की निगरानी कर रही थी।
शुक्रवार रात सूचना पर एसटीएफ टीम ने घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही हिमांशु ने दोनों हाथों से फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में गोली लगने के बाद वह बाइक समेत गिर पड़ा। मौके का फायदा उठाकर कार सवार चार बदमाश फरार हो गए। एसटीएफ फिलहाल फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है।

